दुबहर । क्षेत्र के कई गांवो में बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा बनाए गए आंगनबाड़ी केंद्र मानक के अनुसार नहीं बनाए गए हैं । लगभग आठ लाख रुपये से अधिक के लागत से बनाए गए इन केंद्रों में कहीं शौचालय नहीं तो कहीं विकलांग बच्चों के चढ़ने के लिए रैंप नहीं बनाए गए हैं । आनन फानन में किसी तरह बिल्डिंग खड़ा करके उस की रंगाई पुताई कर दी गई है । यह सरासर नन्हे-मुन्ने बच्चों के भविष्य के साथ धोखा साबित हो रहा है। जागरूक युवा मंच बलिया के अध्यक्ष संयोग प्रताप सिंह ने जिला अधिकारी सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी से एक-एक आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर उनको मानक के अनुसार शौचालय आदि बनवाने की मांग की है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी सेराज अहमद ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। लेकिन मानक का पालन नहीं किया जा रहा तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।