बलिया। नगर में रविवार को प्लास्टिक वाले आटा की शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने सख्त हुए हैं। उन्होंने उपरोक्त मिल के साथ ही जनपद में संचालित अन्य आटा मिलों पर छापेमारी करने का आदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन विभाग को दिया है। कहा सख्ती के साथ छापेमारी करते हुए सैम्पल भरे जाएं। कहा कि मामला पकड़ में आने के बाद संबंधित मिलावटखोरों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
मालूम हो कि नगर के विजय टाकीज रोड स्थित श्री कुमार आटा इंडस्ट्री की दुकान से अंकित नाम के एक ग्राहक ने रविवार को आटा खरीदा और घर ले गया। जहां उसे गूंथा तो वह रबड़ जैसा खिंचने लगा। जिसकी शिकायत ग्राहक ने जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम से फोन पर किया था। जिसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन विभाग को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। डीएम के निर्देश पर फूड विभाग ने रविवार की दोपहर दूकान पर छापेमारी कर आटे का सेम्पल लिया था। जिलाधिकारी ने सोमवार को उपरोक्त आटा मिल के अलावा जनपद में संचालित अन्य आटा मिलों के साथ ही उनके गोदामों पर छापेमारी करने का निर्देश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन विभाग दिया और सेम्पल लेकर जांच करने को कहा। कहा कि इनके यहां बड़े मात्रा में गेहूं का कहां से आता है। इसकी भी जांचकर रिपोर्ट दी जाए। मिलावट करने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।