बलिया। गैर जनपदों से स्थानांतरित होकर आए 123 शिक्षकों को बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालय आवंटित किया गया। इसमें सबसे अधिक संख्या महिलाओं की रही। जबकि 14 दिव्यांग अध्यापकों को भी पहले दिन स्कूल आवंटित किया गया। इस दौरान नगर के रामलीला मैदान के समीप स्थित बीएसए कार्यालय परिसर में काफी गहमागहमी रही।बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि विद्यालय आवंटन के प्रथम दिवस कुल 123 शिक्षकों को स्कूल आवंटित किया गया। इसमें 109 महिलाएं, 21 पुरुष और 14 दिव्यांग शिक्षक शामिल रहे। बताया कि गैर जनपद से 130 महिलाओं का स्थानांतरण हुआ था। इनमें 21 महिला शिक्षकों को अभी तक संबंधित जनपदों में तैनाती वाले स्कूल से कार्यमुक्त नहीं किया गया, जिससे उनके द्वारा अब तक जिले में आकर कार्यभार ग्रहण नहीं किया गया है। इस वजह से उनकों विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। बीएसए ने बताया कि जिले में गैर जनपदों से स्थानांतरित होकर कुल 259 शिक्षक आए थे। इनमें 123 को स्कूल आवंटन कर दिया है। जबकि 136 अध्यापकों को वृहस्पतिवार को विद्यालय आवंटित किया जाएगा।