धर्मापुर। चितबड़ागांव क्षेत्र के बढ़वलिया निवासी 113 वर्ष की नागेश्वरी देवी पत्नी रामचंद्र यादव ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वे आजादी के बाद से हुए चुनावों में लगातार मतदान करती आ रही हैं।
बढ़वलिया निवासी रामचंद्र यादव की शादी पुर आलम के ढोला बलिया में डोमा चौधरी की पुत्री नागेश्वरी देवी के साथ हुई थी। जनवरी 1991 को रामचंद्र यादव के निधन के बाद नागेश्वरी परिवार का भरण पोषण करती रहीं। उनके अंदर आज भी लोकतांत्रिक अधिकार को लेकर जज्बा है। उन्होंने बताया कि वोट देना हमारा अधिकार है। जब वह बढ़वलिया बूथ संख्या 237 पर पहुंची तो वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने नागेश्वरी देवी से आशीर्वाद लिया। इस दौरान वहां लोगों ने इस बात की तारीफ की कि इस उम्र में भी नागेश्वरी देवी लोकतंत्र के इस पर्व पर अपना मतदान करने आई हैं। इस दौरान उनके साथ उनका छोटे पुत्र प्रभुनाथ यादव भी मौजूद रहे।