बलिया। लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन के बाद गुरुवार को नाम वापसी के दिन बलिया और सलेमपुर संसदीय क्षेत्र से किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम नहीं वापस लिया। बलिया संसदीय सीट पर दस 10 और सलेमपुर सीट पर 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। इससे पहले जांच के दौरान बलिया से 9 और सलेमपुर से 6 नामांकन खारिज हो गए थे। गुरुवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया।
कलेक्ट्रेट में गुरुवार को नाम वापसी होनी थी लेकिन बलिया और सलेमपुर क्षेत्र के किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। इस दौरान प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। इसके साथ ही प्रत्याशी प्रचार में जुट गए हैं। मतदान को देखते हुए मतदान बूथों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, वहां विकलांगों आदि के लिए रैंप आदि की व्यवस्था के साथ बिजली, पानी आदि की व्यवस्थाओं को भी निर्वाचन विभाग की ओर से समय सीमा के अंदर चुस्त दुरुस्त करने को कहा गया है।
बलिया संसदीय सीट के लिए दस प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह को कमल, गठबंधन से सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय को साइकिल, भारतीय जन नायक पार्टी के अरविंद को एक्सटेंशन बोर्ड, जनता राज पार्टी के उदय प्रकाश को कैंची, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के गोपाल राम खरवार को आरी, भारतीय समता समाज पार्टी के जन्मेजय कुमार प्रजापति को बल्लेबाज, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विनोद को छड़ी, जनता क्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) की सीमा चौहान को बल्ला, निर्दल उम्मीदवार ओम प्रकाश पांडेय को एयर कंडीशनर और मेजर रमेश चंद्र उपाध्याय को हीरा चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है।
सलेमपुर सीट पर 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। रिटर्निंग ऑफिसर मुख्य विकास अधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने उम्मीदवारों को आवंटित चुनाव चिह्न का वितरण किया। सलेमपुर संसदीय सीट के लिए गठबंधन से बसपा प्रत्याशी आरएस कुशवाहा को हाथी, भाजपा के रविंद्र कुशवाहा को कमल का फूल और कांग्रेस के राजेश मिश्रा का हाथ का पंजा चुनाव चिन्ह है। पीस पार्टी के अजीमुल्लाह को एयर कंडीशनर, जनता क्रांति पार्टी राष्ट्रवादी के कैलाश चौहान को बैट, भारतीय समता समाज पार्टी के कृपा शंकर प्रसाद को अलमारी, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया की पूजा पांडे को चाबी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राजा राम को छड़ी चुनाव चिह्न आवंटित हुआ है। इसी प्रकार प्रकार हिंदुस्थान निर्माण दल के रामजी प्रताप जिज्ञासु को वाटर टैंक, जनता कांग्रेस के मो.सरूर अली को गन्ना किसान, राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के सुमेश्वरनाथ तिवारी को कोट चुनाव चिह्न मिला है। निर्दल प्रत्याशी छोटे लाल को ट्रैक्टर चलाता किसान, विद्याशंकर पांडे को कोकोनोट फार्म, विश्राम को सेव और सुनील कुमार पांडेय को ऑटो रिक्शा चुनाव चिन्ह मिला है।