घोघा। बांसडीह थाना क्षेत्र के ग्राम बालापुर और पहिया के बीच स्थित पुल पर दो युवकों ने गुरुवार को भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से रुपये और मोटरसाइकिल लूट ली। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना किया और घटना की जानकारी ली। उधर, पीड़ित को पूछताछ व जानकारी के लिए स्वॉट टीम अपने साथ ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जाता है कि बांसडीह बड़ी बाजार स्थित भारत फाइनेंस कंपनी का एजेंट विशाल समूह का पैसा सेमरी, पहिया, बालापुर से कलेक्ट करके वापस बांसडीह आ रहे थे। रास्ते में बालापुर और पहिया के बीच स्थित पुल पर मुंह बांधे दो युवकों ने कंपनी के एजेंट को रुकने का इशारा किया और उसके रुकते ही युवकों ने उसकी बाइक व रुपयों से भरा बैग छीन लिया और वापस सेमरी होते हुए सुखपुरा की तरफ भाग गए। कंपनी के एजेंट विशाल ने इसकी सूचना 100 नंबर पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाल गगन राज सिंह एवं क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया और युवक तथा फाइनेंस कंपनी के मैनेजर राजीव कुमार श्रीवास्तव से भी पूछताछ की। उधर, लूट की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विजय पाल सिंह व स्वॉट टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके बाद स्वॉट टीम युवक को साथ लेकर चली गई।
इस बाबत क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कितनी सच्चाई है जांच के बाद ही पता चल पाएगा। पीड़ित युवक द्वारा अभी तहरीर नहीं दी गई है इसलिए कितना पैसा था यह कह पाना संभव नहीं है। मामले की छानबीन की जा रही है।