सिकंदरपुर। तहसील क्षेत्र के वित्तविहीन शिक्षकों की बैठक डाक बंगला में रविवार को आयोजित की गई। 23 अक्तूबर को होने वाले जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के घेराव के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष लालबचन तिवारी ने कहा कि तहसील के सभी वित्तविहीन शिक्षक 23 अक्टूबर को विद्यालय बंद करके जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का घेराव कर अपनी ताकत का एहसास कराएं। कहा कि सरकार जब तक वित्तविहीन शिक्षकों का मानदेय देना शुरू नहीं करेगी तब तक यह लड़ाई अनवरत चलती रहेगी। बताया कि सरकार ने चुनाव से पूर्व घोषणा किया था की वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देंगे लेकिन सरकार द्वारा अब तक इस पर कोई कदम नहीं उठाया गया। बैठक में बिजेंद्र राय, सत्यनारायण राम, अमरेश यादव, आनंद राय, ओमप्रकाश भारती, ओमप्रकाश वर्मा, बिंदेश्वरी सिंह, राजेश गुप्ता, बबलू, सत्य नारायण यादव आदि रहे। अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष जयशंकर राय व संचालन दिलीप कुमार सिंह ने किया।