बलिया। शासन की भू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई अब दिखने लगी है। ऐसा ही एक मामला बैरिया तहसील क्षेत्र के झरकटहा गांव में देखने को मिला। जहां कूटरचित कागजात के बल पर अवैध रुप से भू माफियाओं द्वारा किया गया कब्जा एसडीएम के निर्देश पर हटवाया दिया गया।
शासन के फरमान पर चलाए जा रहे अभियान के तहत विगत 2011 से बैरिया तहसील क्षेत्र के रेवती थाना अंतर्गत झरकटहां गांव में राजकिशोर यादव, रामधनी सिंह, अभय सिंह, कामेश्वर सिंह सहित कई लोगों ने कूटरचित कागजात के आधार पर एक खेती वाली जमीन पर अवैध रुप से कब्जा कर लिया था। जबकि पिछले शासन काल में बार-बार डीएम के आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही थी। योगी सरकार बनने के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी यशवंत राव के निर्देश पर ही एसडीएम बैरिया अरविंद कुमार ने इस प्रकरण की जांच करने के बाद जिलाधिकारी को पत्र से अवगत कराया। जिसके बाद करीब छह साल से भू माफियाओं द्वारा किए गए कब्जे को पुलिस और प्रशासन के सहयोग से मुक्त करा दिया गया। पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव में चर्चाएं तेज हो गई है।
इनसेट....
डीएम के आश्वासन पर पीड़िता का आत्मदाह स्थगित
बलिया। बैरिया तहसील क्षेत्र के बैजनाथ छपरा में एक जमीन पर सोनबासा ग्राम के एक दबंग द्वारा अवैध कब्जा करने के विरोध में भूस्वामी रीता वर्मा ने मुख्यमंत्री आवास के समक्ष 15 जुलाई को आमरण अनशन तथा आत्मदाह करने की चेतावनी डीएम को दे दी थी। जिसपर डीएम सुरेद्र विक्रम ने कार्रवाई तेज कर दिया। साथ ही यथाशीघ्र निस्तारण का आश्वासन भी दिया है। जिसके बाद पीड़िता ने 15 जुलाई को नियत कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। इस आशय का पत्र उन्होंने शासन सहित जिले के आला अफसरों को भेज दिया है।