बैरिया (बलिया)। ओलावृष्टि से नष्ट हुए गेहूं व तिलहन की फसलों का अवलोकन करने द्वाबा के खेतों में बुधवार को जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत पहुंचे। कृषि विभाग व बीमा कंपनियों के साथ खेतों के रास्ते भ्रमण करते हुए फसलों के हुए नुकसान का जायजा लिया।
क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर में तेज हवा के साथ ही ओलावृष्टि हुई थी, जिससे सोनबरसा, भगवानपुर, मानगढ़, दुर्जनपुर, शिवाल, बशिष्ठनगर, गोपालनगर, हेमंतपुर, दोकटी सहित दर्जनों मौजा के हजारों एकड़ गेहूं व तिलहन की फसल नुकसान हुआ है। फसल नुकसान के बाद किसान बिलख रहे हैं। किसानों का कहना है कि मेहनत व धन सब कुछ नुकसान हो गया। किसानों की पीड़ा सुनकर जिलाधिकारी भगवानपुर गांव के सामने सोनबरसा मौजा में गेहूं के फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि विभाग व बीमा कंपनी के अधिकारियों को आदेशित किया कि क्रॉप कटिंग व ओलावृष्टि से फसलों का हुई नुकसान का आंकलन कर दो दिनों के अंदर रिपोर्ट प्रेषित करें। डीएम ने तहसील प्रशासन से भी रिपोर्ट तलब किया। कहा कि ओलावृष्टि से हुई नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजा जाएगा। वहीं उपस्थित किसानों को आश्वासन दिया कि जिन किसानों का फसल बीमा हुआ है, उनको तो बीमा कंपनी से मुुआवजा मिलेगा ही। लेकिन अन्य किसान जिनका फसल नुकसान हुआ है, उनको भी शासन स्तर से मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर उपजिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, तहसीलदार रामनरायन वर्मा, उपकृषि निदेशक इंद्राज, जिला कृषि अधिकारी विकेश कुमार, सुशील यादव, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस प्रभारी मुखदेव आदि रहे।