बलिया। लोक निर्माण विभाग के डाकबंगले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ से डिजिटल माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके उपरांत नगर विधायक आनंद स्वरूप शुक्ल ने आयोजित कार्यक्रम में परियोजनाओं के लिए लगे 11 कार्यों के शिलालेख का शिलान्यास किया।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि जिले में विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के द्वारा स्वीकृत किए गए परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। दूसरे फेज में कुल 11 कार्य हैं, इसमें से एक सड़क बननी है जिसकी लंबाई 17.35 किलोमीटर और लागत 170 लाख है। जबकि नाबार्ड योजन के अंतर्गत छह लघु सेतुओं का निर्माण कराया जा रहा है। जिनकी लागत नौ करोड़ 29 लाख है। वहीं इस मौके पर एनएचएआई द्वारा बलिया-गाजीपुर ग्रीन फील्ड कॉरीडोर के चार लेन निर्माण के लिए डीपीआर बनाने की घोषणा की। बताया कि इसकी लंबाई 115.40 किमी होगी, लागत 3652.18 करोड़ होगी। बताया कि एनएच 31 के गाजीपुर फेफना माझीघाट तक सड़कों के कायाकल्प का कार्य जिसकी लंबाई 130 किमी और लागत 159.246 करोड़ का शिलान्यास किया गया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे, सांसद प्रतिनिधि डॉ. कुंवर अरुण सिंह गामा, अरुण सिंह बंटू, विधायक संजय यादव के प्रतिनिधि अंजनी यादव, विधायक उमाशंकर सिंह के प्रतिनिधि सचिंद्र सिंह, सच्चिदानंद सिंह सहित विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।