बलिया। शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन तमाम दावे कर रही है, लेकिन हकीकत इससे परे है। शहर में संचालित होने वाले ई-रिक्शा और टैक्सी चालकों ने नेशनल हाईवे को ही अपना स्टैंड बना रखा है। हाईवे पर चालक बेतरतीब होकर ई-रिक्शा खड़ी कर सवारियां बैठाते हैं, जिससे शहर में दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। शहर के चित्तू पांडेय चौराहे से लेकर रेलवे स्टेशन, माल गोदाम तक मनमानी चल रही है।
नगर को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए जहां नगरपालिका प्रशासन तथा जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से कई बार अभियान चलाया। लेकिन ई रिक्शा और टैक्सी चालकों की मनमानी के चलते शहर में दिनभर जाम की स्थिति जस की तस है। आलम यह है कि नगर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर कई जगह पर ई-रिक्शा व टैक्सी चालकों ने खुद ही स्टैंड बना लिया है। सड़क पर जहां इच्छा हुई वाहन खड़ी कर सवारियां भरना शुरू कर देते हैं। नगर के एनएच वाले मार्ग पर टेंपो एवं इ-रिक्शा संचालकों द्वारा चित्तू पांडेय लेकर कदम चौराहे तक करीब दस जगह वाहन स्टैंड बनाकर सवालियां उठाई जाती हैं। जहां अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। खास बात यह है कि उक्त जगहों के आसपास पुलिस की पिकेट भी है, लेकिन पुलिस की तरफ से इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। जाम होने पर पुलिस कभी कभार सिर्फ डंडा पटकने का कार्य करती है।
रेलवे स्टेशन=
नगर के सबसे व्यस्तम रेलवे स्टेशन के समीप दो तीन स्थानों पर ई रिक्शा तथा टेंपो का स्थाई स्टैंड बना हुआ है। जहां खड़े ई रिक्शा तथा टेंपो चालक आए दिन सवारियों को चढ़ाने उतारने का काम करते है। यहीं नहीं इन्हीं वाहनों के चलते अकसर जाम स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जबकि रेलवे स्टेशन के ठीक सामने एनएच-31 से सटे पुलिस पिकेट इसी देखरेख के लिए बनाए गए है। वहीं एक दो पुलिसकर्मी हमेशा तैनात भी रहते है बावजूद इसके जाम की समस्या से निजात नहीं मिल रहा है।
मालगोदाम तिराहा=
मालगोदाम रोड तिराहे के पास नगरपालिका प्रशासन जाम समाप्त कराने के लिए शीशमहल के गली में वाहनों का स्टैंड निर्धारित कर दिया गया है। बावजूद इसके सड़क पर लंबी कतार लगाकर टेंपो चालकों द्वारा सवारियों को भरने का किया जाता है। जिससे तिराहे पर अकसर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। हालांकि जाम को समाप्त करने के लिए दो तीन पुलिसकर्मियों के साथ पीआरडी जवानों की ड्यूटी तथा शीशमहल के समीप पुलिस पिकेट भी बनाया गया है। बावजूद इसके जाम की समस्या से निजात नहीं मिल रहा है।
चित्तू पांडेय चौराहा=
राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर चित्तू पांडेय चौराहे के समीप ई रिक्शा संचालकों द्वारा मनमाने तरीके से स्टैंड बनाकर सवारियों को भरने का काम करते है। जिससे आए दिन जाम के झाम से लोगों को दो चार होना पड़ता है। वहीं चित्तू पांडेय चौराहे के पास एक तरफ पुलिस पिकेट तथा दूसरी तरफ यातायात का पुलिस चौकी बनाया गया है। बावजूद ई रिक्शा संचालकों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जनता मार्केट के समीप गाजीपुर-बलिया के लिए बस स्टैंड भी अवैध रूप से एनएच पर ही संचालित होता है।