जयप्रकाश नगर। विकास खंड मुरलीछपरा क्षेत्र के कई गांवों में सफाईकर्मी की नियुक्ति होने के बावजूद सफाई का कार्य नहीं हो रहा है। उनके मनमानी की सुधि लेने वाला कोई नहीं है।
एक ओर जहां पीएम व सीएम के एजेंडे पर सफाई कार्यक्रम पहले पायदान पर है लेकिन इसका कोई असर क्षेत्र के गांवों में नहीं है। आलम यह है कि विकास खंड मुरली छपरा क्षेत्र के गांवो में सफाईकर्मी कभी भी नहीं दिखते हैं, जबकि प्रत्येक गांवों में सफाई कर्मियों की तैनाती है। सफाईकर्मी गांवों में स्थित विद्यालय परिसर आदि की भी सफाई नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा कई गांवों में तो सफाईकर्मी अपने स्थान पर डमी सफाई कर्मी से कभी कभार काम कराते हैं। बतौर उदाहरण टोला शिवन राय स्थित प्राथमिक पाठशाला की सफाई सफाईकर्मी स्वयं न करके दूसरे से कराते हैं। क्षेत्र के दुर्ग विजय सिंह झलन, अशोक कुमार सिंह, रामकुमार सिंह, योगेंद्र यादव, पूर्व प्रधान राजदेव सिंह आदि ने कहा कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
इनसेट...
गांवों में सफाई कार्य करने का निर्देश दिया गया है। किसी गांव से सफाई कर्मियों के खिलाफ ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। इस तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित सफाईकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी । - रंजीत कुमार, बीडीओ, मुरली छपरा ब्लॉक।