कल्याणी योजनाएं आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाएंगे
बलिया। मदरसा फरोगे तालीम-ए-निस्वां उमरगंज के प्रांगण में सोमवार को अल्पसंख्यक कल्याण दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कृष्णकांत राय ने अल्पसंख्यक कल्याण के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शपथ दिलाई कि समाज में एकता और अखंडता कायम रखने के लिए आपसी सद्भाव, प्रेम, भाईचारा, सामाजिक समरसता का संकल्प लें। कहा कि शासन से जो भी कल्याणकारी योजनाओं का संचालन हो रहा है, उसे समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है। इस मौके पर हाफिज इमरान, हाफिज इरशाद अहमद, मैनुद्दीन एडवोकेट, शाहिद रजा, साजिदा, शारीन परवीन, सलमा बानो, शाहिन परवीन, नुरूल होदा, नसीम खां आदि रहे। संचालन जुनैद आलम जिगर बलियावी ने किया। अंत में प्रधानाचार्य इसरार अहमद ने सबके प्रति आभार प्रकट किया।
सिकंदरपुर में दारुल उलूम सरकारे आसी के प्रांगण में अल्पसंख्यक कल्याण दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक डॉ. इकबाल अहमद हिंदी द्वारा मौजूद अल्पसंख्यक समाज के लोगों को राष्ट्रीय एकता बनाए रखने और उसे मजबूत करने धर्म भाषा क्षेत्र से संबंधित भेदभाव और झगड़ों एवं अन्य राजनीतिक व आर्थिक शिकायतों का निस्तारण शांतिपूर्ण तथा संवैधानिक तरीके से करने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य जाकिर हुसैन लतीफी, मौलाना सज्जाद अहमद, रशीदी मुस्ताक, अहमद हामीदी, कादरी इमाम, अख्तर जावेद, इकबाल खुर्शीद, अहमद मोहम्मद, आदिल सोनू खान आदि मौजूद रहे।
बेल्थरारोड : अल्पसंख्यक कल्याण दिवस पर सोमवार को मदरसा दारुल तालीम में गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकार और कर्त्तव्य को रेखांकित करते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में बढ़-चढ़कर भागीदारी का संकल्प जताया। कांग्रेस नेता नियाज अहमद ने कहा कि देश की आजादी के साथ ही राष्ट्र के नवनिर्माण में अल्पसंख्यकों की अहम भूमिका है। उन्होंने आपसी भाईचारा बनाने और देश की उन्नति के लिए पूरी सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की। इस मौके पर अंसारुल इस्लाम, सरदार महेंद्र सिंह, मौलाना खुर्शीद ,डॉक्टर मोहम्मद अली आदि लोग मौजूद रहे।