बैरिया। मतदान के प्रति लोगों को आकर्षित करने के लिए न सिर्फ मतदाताओं की सुविधा का खयाल रखा जाएगा बल्कि मतदान केंद्रों सजाया भी जाएगा। लोग बिना दबाव, बिना तनाव के सुविधाजनक तरीके से मतदान कर सकेंगे। मतदान केंद्रों को मॉडल मतदान केंद्र, सखी मतदान केंद्र आदि श्रेणियों में बांटा जाएगा। ये मतदान केंद्र शादी के मंडप की तरह सजाए जाएंगे। यह जानकरी उप निर्वाचन अधिकारी एसडीएम बैरिया विपिन कुमार जैन ने दी। बताया कि मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। मतदान केंद्र जूनियर हाईस्कूल बैरिया के बूथ संख्या 293, 294, 295, 296 व 297 को मॉडल मतदेय स्थल का रूप दिया जाएगा।
इन मतदेय स्थलों को शादी की मंडप की तरह सजाया जाएगा। मतदाताओं के स्वागत के लिए स्वागत द्वार बनेगा। मतदान में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए मतदेय स्थल के बगल में मतदाताओं के सहायता के लिए पूछताछ केंद्र बनेगा। वहीं सखी बूथ बनाने के लिए मतदान केंद्रों की चयन की प्रक्रिया चल रही है। सखी बूथ पर केवल महिला मतदाता मतदान करेंगी, पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदानकर्मी तक महिलाओं को तैनात किया जाएगा। यहां तक कि सखी मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था महिला सुरक्षाकर्मियों के जिम्मे होगा। यहां के सभी मतदानकर्मी गुलाबी रंग का परिधान पहनेंगी।
ऐसे 50 बूथों का चयन किया जा रहा है, जहां महिला मतदानकर्मियों के लिए उचित वातावरण, जहां असुरक्षा न हो, शौचालय, बाथरूम की उचित व्यवस्था हो। महिलाकर्मियों के कपड़े बदलने के लिए भी जगह हो। ऐसे मतदेय स्थलों का भी चयन किया जा रहा है, जहां महिला मतदानकर्मियों के लिए उचित वातावरण हो, वहां महिलाकर्मियों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी, वहां सिर्फ पुरुष मतदानकर्मी ही जाएंगे। सभी मतदान केंद्रों पर पीने का पानी, शौचालय व बिजली की व्यवस्था के लिए बीएसए को लिखा गया है। सभी जगह आवश्यक सुविधा तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुकूल अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए उत्साहित करने व प्रेरित करने के लिए इस तरह के उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन उपायों के सकारात्मक परिणाम आएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि लोक सभा सामान्य निर्वाचन-2019 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जन सामान्य की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना जिला निर्वाचन कार्यालय में की गई है जिसका संपर्क नंबर-05498-225808 है।