बलिया। जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने के लिए 20 से 30 जनवरी तक एक अभियान चलेगा। जनपद के सूचीबद्ध 11 अस्पतालों पर नि:शुल्क गोल्डन कार्ड बनेगा, जबकि जिले के सभी जनसेवा केंद्र पर 30 रुपए चार्ज देकर गोल्डन कार्ड बनवाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जनसेवा केंद्र पर अधिक पैसे की वसूली करने की शिकायत पर गंभीर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आयुष्मान भारत कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. हरिनंदन प्रसाद को शिकायत करनी होगी। सोमवार की देर शाम तक हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में मिले निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी ने गोल्डन कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी और कार्यक्रम के नोडल अधिकारी को अभियान की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराते रहने को भी कहा है। बताया कि पूरे जिले में एक लाख 78 हजार लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाया जाना है, जिसके सापेक्ष 26 हजार कार्ड बन चुके हैं।