प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और जिले के प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने जिला स्तरीय अधिकारियों को विकास कार्यां में विशेष रूचि लेकर काम करने की चेतावनी दी। कहा कि किसी भी स्तर पर जनप्रतिनिधियों की अनदेखी ठीक नहीं है। वह रविवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यां की समीक्षा बैठक कर रहे थे।
ऊर्जा मंत्री ने बेसिक शिक्षा में लापरवाही की शिकायत पर बीएसए संतोष राय की क्लास लगाई। वहीं सीयूजी नम्बर बंद रखने के साथ माध्यमिक शिक्षा से जुड़ी शिकायत पर जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय को भी लताड़ा। दवा खरीद से जुड़ी शिकायत मिलने पर उन्होंने निर्देश दिया कि दवा खरीद की जांच बैठाई जाए। जांच के बाद पूरी रिपोर्ट भी तलब करने को कहा। समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री के निशाने पर विशेष रूप से बीएसए, डीआईओएस, जिला पूर्ति अधिकारी के अलावा जनता से सीधे जुड़ने वाले अधिकारी रहे। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं से लेकर आम जनता के लिए लाभकारी योजनाओं का लाभ निचले स्तर के लोगों तक पहुंचे।
इससे पहले बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी बातें प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं। राशन वितरण में अनियमितता के सम्बन्ध में विधायक बैरिया की शिकायत पर उन्होंने कहा कि डीएसओ अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यां की मॉनिटरिंग करें। निरीक्षण कर राशन वितरण व्यवस्था को मजबूत करें। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता होनी चाहिए। गंगा में गंदे नाले न जाए, इसकी कार्ययोजना बनाकर प्रस्ताव भेजें। नगरीय क्षेत्रों में फॉगिंग कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद भरत सिंह, सांसद रविन्दर कुशवाहा, राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, विधायकों में सुरेंद्र सिंह, आनन्द स्वरूप शुक्ला, संजय यादव, धनन्जय कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोदशंकर दूबे के अलावा जिलाधिकारी भवानी सिंह खगारोत, सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, एडीएम मनोज सिंघल, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज पांडेय आदि मौजूद थे।
इनसेट=
अवैध शराब पर सख्त दिखे प्रभारी मंत्री
बलिया। प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा अवैध शराब पर काफी सख्त दिखे। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का कारोबार हरहाल में रूकना चाहिए। कच्ची, जहरीली शराब न तो बननी चाहिए और न ही बिकनी चाहिए। शराब की तस्करी पर लगाम लगाने के निर्देश दिए। कहा कि अवैध शराब की आवाजाही होती है सम्बन्धित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए। अपराध व अवैध कार्यां पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गतिशील रहे।