बलिया। वासंतिक नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को मां के भक्तों ने कालरात्रि देवी का पूजन-दर्शन किया। इस दौरान भक्तों ने कतारबद्ध होकर नारियल, चुनरी, गुड़हल का फूल, धूप-अगरबत्ती चढ़ाकर पूजन-अर्चन किया और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों के प्रमुख देवी मंदिरों में पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देर रात तक उमड़ी रही। मां के जयकारे से पूरा वातावरण देवीमय हो गया। उधर, घर पर लोगों ने दुर्गा सप्तशती का पाठ किया।
वासंतिक नवरात्र के सप्तमी और अष्टमी तिथि को नगर के जापलिनगंज दुर्गा मंदिर, गुदरी बाजार दुुर्गा मंदिर, ब्रह्माइन स्थित ब्राह्मणी देवी, कपूरी स्थित कपिलेश्वरी भवानी मंदिर, शंकरपुर स्थित शांकरी भवानी मंदिर पर भक्तों का रेला भोर से ही लगा रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के सुरही स्थित नवदुर्गा व कालीमंदिर, कोरंटाडीह स्थित मंगलाभवानी, सोनाडीह स्थित भागेश्वरी-परमेश्वरी देवी व उचेड़ा स्थित चंडी भवानी आदि मंदिर पर भी भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान भक्तों ने मन्नतें मांगी और परिवार के मंगलमय की कामना की। भक्तों ने घंट-घडिय़ाल बजाकर तथा मां के जयकारे लगाकर मन्नतें मांगीं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख देवी मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रही।