बांसडीह। आदर्श नगर पंचायत के वार्ड नंबर-6 एवं 7 के लोगों ने रविवार को युवा कांग्रेस सलेमपुर लोकसभा अध्यक्ष प्रतुल कुमार ओझा के नेतृत्व में सांकेतिक उपवास रख अपना विरोध जताया। उन्होंने मांग किया कि वार्ड के मार्ग पर लगे जलजमाव की स्थाई व्यवस्था की जाय। अगर मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
आदर्श नगर पंचायत के वार्ड नंबर-6 एवं 7 से होकर उत्तर टोला तक जाने वाला मुख्य मार्ग पर वर्षों से जलजमाव हो गया है। जिससेे लोगों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों से सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण संक्रामक रोग के पांव पसारने की संभावना प्रबल हो गई है। इस मार्ग पर मां वन दुर्गा मंदिर है, जहां सैकड़ों श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन व पूजा करने के लिए आते है। रास्ते पर लगने वाला पानी पूरी तरह काला हो गया है और बदबू दे रहा है। अगर यही हाल रहा तो संक्रामक रोग के फैलने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
उपवास एवं विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे प्रतुल ने कहा कि समस्या का निराकरण करने के लिए जिलाधिकारी सहित नगर पंचायत प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। चेताया कि अगर तत्काल इस जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो मुहल्लेवासी बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर शमशुल हक अंसारी, अवनीश पांडेय, विजय प्रसाद, गुड्डू पांडेय, पप्पू गुप्ता, धनजी मिश्र, शनि राजभर, मूनजी प्रसाद, राजेश पाठक, गोविंद पांडेय, आकाश सिंह, संदीप कुमार, अमित यादव आदि उपस्थित रहे।