बलिया। सदर विधायक आनंद स्वरूप ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के हल्दी गांव तक शहरी बिजली जल्द ही पहुंच जाएगी। बिजली को लेकर लोगों की समस्याएं भी दूर होंगी। क्षेत्र के लोगों को राशन, बिजली, पानी से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित भी किया गया है। पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी तथा सरकार की मंशा है, इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बातें उन्होंने गुरुवार को शहर के एक निजी होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।
विधायक ने राशन प्रणाली को सुचारु रूप से चलाने के लिए क्षेत्र के सामाजिक लोगों, पार्टी के कार्यकर्ताओं से सहयोग देने की अपील की। कहा कि मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर जनपद में पात्र गृहस्थी का पुनरीक्षण का कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें लोगों का राशन कार्ड बनाया जा रहा है। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिक है कि हर हाल में सुगमता से राशन लोगों को मिले तथा राशन की कालाबाजारी न हो सके। उन्होंने कहा कि बेहतर बिजली आपूर्ति को लेकर भी वह प्रयासरत हैं। नगर विधानसभा के सभी क्षेत्रों में शाम सात बजे से सुबह पांच बजे से विद्युत सप्लाई निर्वाध रूप से की जाए।
विधायक ने गांव के लोगों से अपील किया कि ट्रांसफार्मर जलने पर टोल फ्री नंबर 1912 पर अवश्य फोन करे। जिससे ऊपर के अधिकारी से लेकर नीचे तक के लोगों को ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी हो सके। ताकि जल्दी से ट्रांसफार्मर लग जाए।