बैरिया(बलिया)। तहसील क्षेत्र में बिजली 24 घंटे से अधिक समय से गुल है। गर्मी से व्याकुल ग्रामीणों में हाहाकार मचा है। रविवार की रातभर गांव के लोग बिजली के लिए टकटकी लगाए बैठे रहे, लेकिन बिजली नहीं आई। सोमवार को दोपहर तक रामपुर दिघार से बैरिया के बीच कहां फाल्ट है, बिजली विभाग के लोग भी नहीं ढूंढ पाए।
भले ही बिजली विभाग रजिस्टर पर रोस्टर के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र को 18 घंटे व तहसील को 20 घंटे बिजली देने की बात कह रहा है, लेकिन हकीकत में ग्रामीण क्षेत्र को आठ से दस घंटे ही बिजली मिल पा रही है। रविवार को हल्की आंधी के बाद से ही द्वाबा की बिजली गुल हो गई है, अधिशासी अभियंता ने बताया कि 33 हजार की तार टूटी है, एक घंटे में बना दिया जाएगा। लेकिन सोमवार शाम तक बिजली नहीं आई। बिजली व्यवस्था को लेकर बिजली उपभोक्ता व ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि फाल्ट अभी मिला नहीं है, उम्मीद है कि शाम तक ठीक कर लिया जाएगा।