फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: बलिया-छपरा रेल खंड ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से 11 ट्रेनें स्टेशनों पर रोकी गईं

विज्ञापन
बारिश के चलते धंसा रेलवे ट्रैक का मिट्टी तथा पहुंचे रेलकर्मी।संवाद
विज्ञापन
बैरिया। छपरा-बलिया रेल खंड पर शनिवार को भारी बारिश के बीच दल छपरा हाॅल्ट, बकुल्हा व मांझी घाट के पास रेलवे ट्रैक की मिट्टी धंसने से 5.30 घंटे तक ट्रेनों का परिचालन ठप रहा। छपरा व बलिया से पहुंची इंजीनियरों व मजदूरों की टीम ने 5.30 घंटे की मशक्कत के बाद 11.30 बजे सुरेमनपुर स्टेशन पर खड़ी सियालदह एक्सप्रेस अप को बलिया के लिए रवाना किया गया। उसके बाद अन्य ट्रेनें रवाना हुईं।
विज्ञापन

इस दौरान अप सियालदह एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र मेमो सहित सात अप ट्रेनें व डाउन की उत्सर्ग एक्सप्रेस, लखनऊ- छपरा एक्सप्रेस, सेनानी एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनों को नियंत्रित कर संचालन हुआ। डीआरएम टीम के साथ मौके पर पहुंच मरम्मत कार्यों को देखा और आवश्यक निर्देश दिए। ट्रेनों के विलंब होने से बलिया, सहतवार सहित अन्य स्टेशनों पर सैकड़ों यात्री घंटों ट्रेनों के इंतजार में बैठे रहे। आसपास से यात्री बस व जीप से गंतव्य के लिए रवाना हुए।
जनपद में 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बीच सुरेमनपुर-रेवती स्टेशन के बीच दल छपरा हॉल्ट के पूर्वी छोर पर रेलवे ट्रैक पर तीन जगह शुक्रवार की रात में मिट्टी व धंस गई। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने देखा तो दौड़कर कीमैन विजय यादव को सूचना दी। विजय ने तत्काल रेलवे ट्रैक पर लाल झंडा गाड़ दिया और सुरेमनपुर स्टेशन मास्टर दीपक सिंह को सूचना दी। उन्होंने बलिया के लिए रवाना हो रही सियालदह को रोक दिया और कंट्रोल रूम को खबर दी।
विज्ञापन

कंट्रोल रूम की सूचना पर दोनों तरफ की करीब छह ट्रेनों को नजदीकी स्टेशनों पर रोक दिया गया। छपरा व बलिया से इंजीनियर व मजदूरों की टीम मौके पर पहुंची। मिट्टी व गिट्टी डालकर मरम्मत की गई। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण करीब आठ फीट ट्रैक की मिट्टी व गिट्टी धंस गई। इसी ट्रैक से रात में अप सेनानी एक्सप्रेस गुजरी है।


सैलून से पहुंचे डीआरएम

बलिया-छपरा रेल खंड पर तीन स्थानों पर मिट्टी और गिट्टी धंसने की सूचना पर डीआरएम आशीष जैन वाराणसी स्पेशल ट्रेन से मौके पर पहुंचे। उन्होंने दल छपरा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक की धंसी मिट्टी को देखा। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने डीआरएम को पास के अंडरपास में 6 फीट पानी तक पानी भरे होने की जानकारी दी। उन्होंने पत्रक देकर यहां पर अंडरपास के ऊपर ओवरब्रिज बनाने की मांग की। उसके बाद डीआरएम बकुल्हा स्टेशन के पास ट्रैक देखने गए। मरम्मत कार्य में लगे अधिकारियों को निर्देश देकर सरयू नदी पुल के बाद ट्रैक पर हुए नुकसान को देखने के लिए पहंुचे। उन्होंने मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए।
-

ट्रेन विलंब होने से परेशान रहे यात्री
सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी अप सियालदह एक्सप्रेस के यात्रियों को उपाध्यायपुर निवासी लखी सिंह, मधुबनी निवासी समाजसेवी धीरज सिंह ने बिस्किट पानी वितरण किया। वहीं, सुरेमरपुर स्टेशन पर सारनाथ एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे सोनबरसा निवासी मनोज सिंह ने बताया कि वाराणसी दो बजे तक पहुंचना था। ट्रेनें लेट होेने से शाम तक पहुंच पहंुचना भी मुश्किल है। कर्णछपरा गांव निवासी राज किशोर ने बताया कि बलिया जाना था। ट्रैक में खराबी आने से मजबूरन अब जीप पकड़ने जा रहा हूं। लालगंज निवासी मधू राय ने कहा कि प्रयागराज जाने के लिए सारनाथ में आरक्षित टिकट है। शायद 12 बजे तक आए। इस तरह 70 से ऊपर यात्री बलिया, छपरा, वाराणसी, दिल्ली सहित अन्य शहर में जाने के लिए ट्रेन आने का इंतजार करते रहे।

-
बलिया पाटलीपुत्र सहित कई ट्रेनें निरस्त व रूट डायवर्ट
बलिया। छपरा-बलिया रेल खंड पर भारी बारिश के कारण जलभराव से कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि संरक्षा को ध्यान में रखकर विभिन्न ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
55101 छपरा कचहरी-मऊ सवारी ट्रेन, 55104 वाराणसी सिटी-छपरा सवारी ट्रेन, 75102 औंड़िहार-छपरा डेमू ट्रेन, 05297/05298 पाटलिपुत्र-बलिया-पाटलिपुत्र मेमू विशेष ट्रेन, 05163/05164 औंड़िहार-सारनाथ-औंड़िहार विशेष सवारी ट्रेन निरस्त कर दी गई। वहीं, तीन अक्तूबर को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से चलाई गई। 11061 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-जयनगर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलाई गई। वाराणसी-पं. दीनदयाल उपाध्याय जं.-दानापुर-पाटलिपुत्र-सोनपुर के रास्ते चलाई गई।
04096 आनंद विहार टर्मिनल-पाटलिपुत्र विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग वाराणसी-पं दीनदयाल उपाध्याय जं.-दानापुर-पाटलिपुत्र के रास्ते चलाई गई। 15934 अमृतसर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वाराणसी-पं दीनदयाल उपाध्याय जं.-पाटलिपुत्र के रास्ते चलाई गई। 04450 नई दिल्ली-दरभंगा विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग गोरखपुर छावनी-पनियहवा-नरकटियागंज के रास्ते चलाई गई। 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग सोनपुर-पाटलिपुत्र-पं दीनदयाल उपाध्याय जं.-मिर्जापुर के रास्ते चलाई गई। 02569 दरभंगा-नई दिल्ली विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज-पनियहवा-कप्तानगंज-गोरखपुर छावनी के रास्ते चलाई गई।

-

पैसेंजर ट्रेन का बलिया से होगा संचालन

55140 वाराणसी सिटी-छपरा सवारी ट्रेन छपरा के स्थान पर बलिया तक ही आएगी। यह ट्रेन बलिया-छपरा के मध्य निरस्त रहेगी।

-
छपरा-औंड़िहार पर कुछ स्थानों पर मिट्टी बही है। उसे समय रहते इंजीनियरों की टीम ने ठीक कर लिया। संरक्षा के दृष्टिगत ट्रेनों को नियंत्रित कर चलाया जा रहा है। स्टेशनों पर यात्रियों को लगातार अवगत कराया जा रहा है तथा रेल यात्रियों को खाने-पीने का समान वितरित किया जा रहा है। अशोक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी मंडल।

बारिश के चलते धंसा रेलवे ट्रैक का मिट्टी तथा पहुंचे रेलकर्मी।संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें