बलिया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट समिट’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकास भवन सभागार में बैठक जिलाधिकारियों संग अधिकारियों ने देखा। कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत पत्र वितरित किए। उद्योग केंद्र के उपायुक्त शिवलाल ने बताया कि इसके अतिरिक्त मनियर के छह लाभार्थियों को बिंदी उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए पांच-पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी ने जिला खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से संचालित की जा रही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के अंतर्गत दो व मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत तीन लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत पत्र दिए ।
लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 4095 लोगों के जीवन को बदलने के लिए 1006.94 करोड़ रुपये का ऋण व टूलकिट का वितरण किया गया। इसमें भी मनियर की बिंदी उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए यहां के भी छोटे कारीगर शामिल थे। जिलाधिकारी ने कहा कि छोटे उत्पाद वाले लोगों कों बड़े स्तर तक ले जाने के उद्देश्य से इस समिट का आयोजन हुआ है। जिन लाभार्थियों का ऋण स्वीकृत किया गया है, वे अपने रोजगार का संचालन पूरी निष्ठा व इमानदारी के साथ करें। इससे उनका आर्थिक उत्थान होगा और स्वावलंबी होंगे। यही लोग अन्य लोगों के लिए रोल मॉडल बनेंगे। कहा जाता है कि बलिया में कभी मनियर की बिंदी प्रसिद्ध हुआ करती थी। आज उसको बड़ा रूप देने के लिए प्रयास किया जा रहा है। छह लोगों को पांच-पांच लाख का ऋण उपलब्ध कराया गया है। सरकार ने आसानी से यह ऋण दिया, ताकि उस छोटे उत्पाद को बढ़ावा मिल सके। उन छोटे कारीगरों की जिंदगी संवरे और भविष्य मेरे बड़े उद्यमी बन सके।