बेल्थरारोड (बलिया)। घाघरा नदी के तटीय क्षेत्रों के डेंजर जोन में बसे ग्रामों में बाढ़ व कटान की स्थिति से निपटने के लिए विधायक धनंजय कनौजिया ने अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह के साथ कटान और बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। विधायक कनौजिया ने भ्रमण के दौरान चैनपुर, गुलौरा, मठिया तथा बिल्थरा बाजार ,सहियां आदि ग्रामों का दौरा किया ,जहां हर वर्ष कटान से उपजाऊ भूमि कट-कट कर नदी में समाहित होने का सिलसिला जारी रहता है। उन्होंने गुलौरा-मठिया ग्राम में कटान के संभावित स्थलों का निरीक्षण किया तथा इससे बचाव के लिए वीरेंद्र सिंह को अस्थाई ठोकर निर्माण का निर्देश दिया, ताकि बाढ़ और कटान के खतरे से निपटा जा सके।
विधायक ने बताया कि सरकार बाढ़ और कटान से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है । उन्होंने चैनपुर गुलौरा-मठिया के अतिप्राचीन शिव मंदिर के पास होने वाले कटान से रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा कि मंदिर के किनारे कटान स्थल पर अस्थाई ठोकर का निर्माण किया जायेगा। अधिशासी अभियंता वीरेंदर सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उपजिलाधिकारी राधेश्याम पाठक ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ से निबटने के लिए 11 बाढ़ चौकियां बनाई गयी है। जिसमें ग्रामीणों की सुविधा के लिए विभागीय कर्मचारी मौजूद रहेंगें।इस मौके पर खंड विकास अधिकारी पीएन त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।