सिकंदरपुर। ज्ञानकुंज अकादमी बंशी बाजार के प्रांगण में क्रीड़ा सप्ताह का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वदेव सिंह यादव ने मशाल प्रज्ज्वलन कर किया। कहा कि विद्यालय से ही खिलाड़ी निकलते हैं जो विद्यालय के साथ ही देश का नाम भी रोशन करते हैं। उद्धाटन के बाद हुई कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दम दिखाया।
विद्यालय के अध्यक्ष ज्योति स्वरूप पांडेय प्रधानाचार्य सुधा पांडेय एवं प्रबंधक देवेंद्र नाथ सिंह की देखरेख में अकादमी के मुख्य धावक ने मुख्य अतिथि से मशाल लेकर ग्राउंड की परिक्रमा की और इसे विभागाध्यक्ष शारीरिक शिक्षा आरपी सिंह को सौंपा। मुख्य अतिथि सर्वदेव सिंह यादव ने कहा कि जलती हुई यह मशाल विद्यालय के क्रीड़ा चेतना का प्रतीक है। कहा कि विद्यालय से प्रतिभावान खिलाड़ी पैदा होते रहेंगे, जो विद्यालय के साथ ही देश का नाम रोशन करेंगे। उद्घाटन सत्र के पश्चात विद्यालय की दो टीमों के बीच कबड्डी प्रतियोगिता हुई। जिसमें ग्रीन हाउस विजेता तथा रेड हाउस टीम उपविजेता रही। इस मौके पर सचिव जिला कबड्डी मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव, जिला क्रीड़ा कोच गोविंद गुप्ता, सचिव जिला वालीबाल संघ नीरज राय आसिफ, ऋतु सिंह, अवधेश मिश्रा, उप प्रधानाचार्य श्रीमती शीला सिंह, दीपक तिवारी, नीरज उपाध्याय आदि मौजूद थे। आभार विद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र नाथ सिंह ने किया।