हनुमानगंज। योगी सरकार के लाख फरमान के बाद भी क्षेत्र की सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं हो सकी हैं। केंद्रीय विद्यालय पर जाने वाला मार्ग पर घुटनों भर पानी लगा हुआ है। पढ़ने जाने वाले छात्र-छात्राएं रोजाना ही दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। छात्रों ने रास्ता बनवाने को लेकर डीएम को पत्रक भी दिया।
जीराबस्ती गांव स्थित केंद्रीय विद्यालय तक जाने वाला करीब 300 मीटर लंबा रास्ता वर्षों से गड्ढों में तब्दील है। यहां पर बरसात ही नहीं बल्कि इस तरह भी जलजमाव रहता है। इस रास्ते से आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है और आए दिन वह रास्ते में गिर कर घायल भी हो जाते हैं। खासकर साइकिल या बाइक सवार छात्र आए दिन चोटिल होते हैं। इसके अलावा जलजमाव से संक्रामक बीमारियेां के फैलने की भी संभावना बनी रहती है। पत्रक देने वालों में रमेश, उमेश, रजनीश, पंकज, दिनेश, राम जी, सुरेश आदि थे। उधर, इसी रास्ते से कांशीराम आवास योजना के तहत बने आवास में रहने वाले करीब पांच हजार की आबादी का भी आना-जाना होता है। इसके अलावा गांव के दो सड़कों को बनाने के लिए विभाग द्वारा गिट्टी भी गिराई गई लेकिन बाद में इसे उठवा लिया गया।