रेवती। बाजार की सड़कों पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाकर व्यापारियों ने शुक्रवार को अपनी दूकानें बंद रख कर विरोध जताया। आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार के जोड़ा शिवाले पर बैठक की।
कुछ दिनों से बाजार से अतिक्रमण हटाए जाने का कार्य जोरों पर है । इसके तहत पुलिस प्रतिदिन बाजार में चक्रमण कर व्यापारियों को अपना-अपना सामान दूकान के अंदर ही रखने का निर्देश दिया जाता रहा। गुरुवार की शाम अतिक्रमण हटाने निकले पुलिस टीम पर व्यापारी धनंजय केशरी का आरोप है कि मैं अपनी दूकान की सफाई कर रहा था, कुछ सामान बाहर रखा था । जिसे पुलिस द्वारा सड़क पर बिखेर दिया गया । उधर फल विक्रेताओं का भी सामान पुलिस द्वारा सड़क पर बिखेर गया। व्यापारियों ने मांग किया कि थानाध्यक्ष द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर व्यापारियों पर किया जाने वाला उत्पीड़न बंद हो।
दूकानदारों एवं फल विक्रेताओं का सामान थानाध्यक्ष द्वारा सड़क पर बिखेर दिया गया उस पर कार्यवाही की जाए, बाजार में बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगे, फल विक्रेताओं को सब्जी मंडी में शिफ्ट किया जाए, व्यापारियों को विश्वास में लेकर अतिक्रमण हटवाने की कार्यवाही की जाय, नाली पर पटिया आदि रखने का अधिकार मिले। ताकि ग्राहक उस पर खड़े होकर खरीदारी कर सकें। बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद गांधी , विजय केशरी , राजेश केशरी, ओंकार नाथ ओझा , शंकर जी सावन, अमर नाथ पटवा , भोला केशरी, वासु केशरी, धनंजय केशरी, जितेंद्र नाथ पांडेय, पृथ्वीराज पांडेय, जवाहर प्रसाद केसरी, राकेश पांडेय, ज्योति देवी आदि रहे। उधर, थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा इन दिनों अतिक्रमण हटवाया जा रहा है। बाजार के 95 व्यापारी अतिक्रमण हटा चुके हैं। बाकी लोगों को बार-बार समझाये जाने भी उनके द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। ऐसे लोग उत्पीड़न जैसा अनाप-शनाप आरोप लगा रहा है।