भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर पिछले तीन दिनों से अनशनरत कुंवर सिंह डिग्री कालेज के छात्रोें ने रविवार को प्राचार्य की शवयात्रा निकाल विरोध प्रदर्शित किया।
इस दौरान छात्रों ने शव यात्रा निकाल नगर का भ्रमण करते हुए कुंवर सिंह चौराहे पर शव का पुतला दहन किया और जमकर कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
साथ ही समस्याओं के तत्काल निस्तारण की मांग की। अनशनरत छात्र नेताओं से सदर एसडीएम रामानुज सिंह, कोतवाल संदीप कुमार सिंह और प्राचार्य प्रतिनिधि डा. विश्व प्रकाश मिश्रा, डा. अशोक सिंह, राणा प्रताप ने वार्ता की। वार्ता के दौरान प्राचार्य प्रतिनिधि ने 21 सितंबर को लिखित आश्वासन देने को कहा है।
इस दौरान उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष तेज प्रताप सिंह ने कहा कि अगर कालेज प्रशासन द्वारा लिखित रूप से मांग पूरी नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र रूप ले लेगा। जिसके लिए कालेज प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा।
इसी क्रम में पूर्व महामंत्री ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि जब भी कालेज प्रशासन द्वारा छात्र-छात्राओं का उत्पीड़न किया जाएगा। छात्र एकजुट होकर छात्र हित में लड़ाई लड़ने का काम करेंगे।
उधर, अनशनरत आशुतोष ओझा व अखिलेश यादव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस मौके पर अरविंद पांडेय, ओमप्रकाश यादव, रोहित चौबे, राजेंद्र यादव, रिपुंजय पाठक, विकास कुमार, लक्ष्मी पंडित, परशुराम यादव, रामबहादुर यादव, अमन तिवारी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष कुंवर प्रशांत सिंह एवं संचालन पूर्व अध्यक्ष सुशील सिंह ने किया।