रिसिया। थाना क्षेत्र के पंचपुरवा निवासी एक युवक का शव शुक्रवार को घर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। युवक तीन दिन पहले ही मुंबई से अपने गांव लौटा था। युवक के आपराधिक प्रवृत्ति के होने के कारण उस पर रिसिया थाने में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पंचपुरवा निवासी शकील (35) मुंबई में रहकर फास्टफूड का स्टॉल चलाता था। तीन दिन पहले मुंबई से लौटने के बाद वह बृहस्पतिवार रात मुहर्रम के जुलूस में शामिल होकर घर लौटा था। इसके बाद किसी से फोन पर बात करते हुए घर से निकल गया, और देर रात तक नहीं लौटा।
परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह घर से कुछ दूरी पर ही उसका शव पड़ा मिला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के छोटे भाई मोहम्मद रजा ने आरोप लगाया कि रंजिश के कारण उसके बड़े भाई की हत्या की गई है। थाना प्रभारी करुणाकर पांडे ने बताया कि अभी इस संबंध में उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।