हुजूरपुर (बहराइच)। हुजूरपुर थाना अंतर्गत बड़ागांव में ससुराल आए श्रावस्ती निवासी एक युवक का शव पेेड़ पर लटकता मिला। शव फंदे से लटक रहा था, लेकिन पैर जमीन पर छूते हुए मुड़े थे। ऐसे में उसकी हत्या की आशंका भी जतायी जा रही है। परिवारीजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अभी तक परिवारीजनों ने किसी के खिलाफ तहरीर भी नहीं दी है।
श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना अंतर्गत साईंपुरवा गांव निवासी नंदकिशोर (22) पुत्र रामहेत की ससुराल रानीपुर थाना क्षेत्र के कटघरा गांव निवासी सहजराम पुत्र छेेदी के यहां है। वह अपनी पत्नी अंजनी (20) को विदा कराने के लिए ससुराल आया हुआ था।
रविवार की रात वह घर से निकला था। लेकिन सोमवार की सुबह उसका शव हुजूरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रापुरवा गांव में झल्लर के बाग में आम के पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फंदे से शव लटक रहा था, लेकिन उसके पैर जमीन पर छू रहे थे। ऐसे में हत्या की आशंका भी जतायी जा रही है। एसओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।