रिसिया में सड़क हादसे में घायलों का चल रहा इलाज।
बौंडी/रिसिया। जिले में मंगलवार को हुए दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बोलेरो पलटने से छह लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी रिसिया में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
बौंडी के अहिरनपुरवा गांव निवासी पप्पू (23) मंगलवार को बाइक से सीतापुर स्थित अपनी बहन की ससुराल गए थे। शाम को लौटते समय चहलारी घाट पुल के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच ले गए, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। उनके भाई प्रदीप ने बताया कि हादसे से परिवार में शोक है। पप्पू ने हेलमेट नहीं लगाया था।
दूसरा हादसा रिसिया क्षेत्र में इटकौरी रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। मंगलवार रात स्टेयरिंग फेल होने से बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वाहन में सवार इमलिया मटेरा निवासी भूसी देवी (18), निर्मला देवी (35), राजेश (40), किरन (12) और सुमन (8) समेत छह लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी रिसिया पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।