मिहींपुरवा (बहराइच)। मोतीपुर-कतर्निया मार्ग के हसुलिया जंगल मार्ग पर सड़क किनारे 22 वर्षीय युवक संदिग्ध अवस्था में घायल पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक सिर पर भगवा गमछा, मैरून रंग की जैकेट और काली पेंट पहने था। पुलिस को तलाशी में जेब से ऐसा कोई कागज नहीं मिला, जिससे शिनाख्त हो सके। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस शिनाख्त करने में जुटी हुई है। वहीं घटनास्थल के पास ही सड़क किनारे मौके पर एक कार और बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली है। इससे सड़क हादसे की आशंका जताई जा रही है। मोतीपुर इंस्पेक्टर राकेश कुमार पांडेय ने बताया मृतक के शव की शिनाख्त के प्रयास जारी है।