चित्तौरा। एक युवक बृहस्पतिवार को बहन के दरवाजे पर पहुंचकर अचानक बेहोश हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। परिजन मौत की दशा संदिग्ध बता रहे हैं।
टेमड़िया गांव निवासी रामप्रसाद (45) बृहस्पतिवार दोपहर बहन के घर गंभीरवा गए थे। घर के दरवाजे पर ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़े। परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा कि रामप्रसाद अचेत अवस्था में हैं। उन्हें आनन-फानन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण देर रात मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रामप्रसाद शराब के आदी थे, लेकिन मौत की वास्तविक वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही लग सकेगा।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।