तेजवापुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र बौंडी के चमारनपुरवा डोकरी में उदयराजपुरवा पुलिया पर मछली का शिकार कर रहे लोग चारपाई पर बैठे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में चारपाई पर बैठे एक युवक मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
चमारनपुरवा डोकरी निवासी रंजीत ने बताया कि उनके पिता रंगीलाल (40), बेहड़ चौराहा निवासी गुड्डू तिवारी (35) और उदयराजपुरवा निवासी अनिल यादव (30) पुलिया के पानी में जाल लगाकर मछली का शिकार कर रहे थे। तीनों पुलिया पर चारपाई डालकर बैठे थे।
उसी दौरान बेेहड़ चौराहा फखरपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार ने चारपाई में टक्कर मार दी जिससे तीनों घायल हो गए। तीनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। रंगीलाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। वह अपने पीछे तीन बेटे व तीन बेटियां छोड़ गया है। मौत से पत्नी रेखा सहित अन्य परिजनों में कोहराम है। बौंडी थानाध्यक्ष ज्ञान सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।