मिहींपुरवा। लखीमपुर खीरी से पीईटी देकर बाइक से घर लौट रहे दो चचेरे भाई शुक्रवार रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। मोतीपुर क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्रावस्ती जिले के सिरसिया क्षेत्र के कोइहलवा गांव निवासी भूधर शुक्ला (33) अपने चचेरे भाई अजीत शुक्ला (27) के साथ शुक्रवार को लखीमपुर खीरी में पीईटी देने गए थे। रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
मोतीपुर क्षेत्र में परवानी गौढ़ी के पास एक ईंट-भट्ठे के नजदीक पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अजीत शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूधर उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस से भूधर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने अजीत का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, अजीत का छह माह पहले ही विवाह हुआ था।
थाना प्रभारी मोतीपुर ब्रह्मा गोंड ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। सीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि चालक की तलाश में क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।