शिवपुर। नानपारा बाईपास पर बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप ने मध्यप्रदेश निवासी बाइक सवार लखन (26) को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल लखन को सीएचसी नानपारा से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मध्यप्रदेश के बैतूल जिला के खेड़ी थाना क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी निवासी लखन के ममेरे भाई भूरा ने बताया कि लखन ड्रम बेचने के लिए आए थे। सुबह बाइक में तेल डलवाने जा रहे थे। ममेरे भाई भूरा ने पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दे दी है। कोतवाल रामाज्ञा सिंह ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भाग गया था। पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।