बहराइच। हरदी के महसी बाजार में रविवार देर शाम दूध लेकर घर लौट रही युवती से छेड़छाड़ की गई। मामले में पुलिस ने आरोपी मुतवल्ली को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।
क्षेत्र की एक युवती रविवार शाम बाजार से दूध लेकर मस्जिद वाली गली से घर लौट रही थी। आरोप है कि गली में सन्नाटा देख सिंगिया नसीरपुर निवासी मुतवल्ली नुरुद्दीन ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद उसका हाथ पकड़कर गली में खींचने लगा। युवती ने बचाव के लिए शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग निकला।
घर पहुंचकर युवती ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके भाई ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि जांच में घटना की पुष्टि होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।