कैसरगंज। बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे युवक की नाक अपने दांत से काट ली। इसके बाद सिर पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। पीड़ित ने कैसरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मतरेपुर कॉलोनी निवासी रमेश के मुताबिक, रविवार को बच्चों के विवाद को लेकर गांव के भुल्लन से उनकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह पास स्थित शिव मंदिर की चौकी पर लेटे थे। आरोप है कि इसी दौरान भुल्लन ने उन पर हमला कर दिया और दांत से उनकी नाक काट ली। इससे उनकी नाक गंभीर रूप से जख्मी हो गई। रमेश का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने किसी ठोस वस्तु से उनके सिर पर भी वार किया, जिससे वह घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाया। आरोप है कि इसके बाद भुल्लन धमकी देकर भाग गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी डीके श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पीड़ित का मेडिकल करवाकर जांच की जा रही है।