रिसियामोड़ (बहराइच)। थाना क्षेत्र के टेपरा कमाली निवासी युवक गांव के ही एक व्यक्ति के घर आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने गया था। यहां से देर रात लौटते समय कुछ साथियों के साथ बैठकर उसने शराब पी। उन लोगों ने ही आपस में हुए विवाद में गमछे से गला कस कर युवक की हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क के किनारे खेत में फेंक दिया।
सुबह शव मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर एक नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
रिसिया थाना क्षेत्र के अलिया बुलबुल गांव के मजरा टेपरा कमाली निवासी सुलेमान (45) पुत्र यूसुफ शनिवार की रात गांव के ही रहने वाले पूरन के यहां आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए गया था। उसके साथ गांव निवासी बुद्धू भी गया हुआ था। लेकिन वह रात में घर नहीं लौटा।
परिवार के लोगों ने सुबह खोजबीन शुरू की। तभी गांव के बाहर रामआशीष के खेत में शीशम के पेड़ के नीचे उसका शव पड़ा मिला। गले पर गमछे या कपड़े से दबाए जाने का निशान भी साफ दिखाई दे रहा था। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक प्रेमप्रकाश पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। सुलेमान के बेटे आलम ने बताया कि उसके पिता गांव निवासी बुद्धृ के साथ रात में घर से निकले थे।
वहीं बुद्धू से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मुंडन संस्कार में वह उसे छोड़कर गांव के ही रहने वाले नदीम व बृजेश के साथ पास ही स्थित देशी शराब की भट्ठी पर चले गए थे। जिसके बाद वह अपने घर लौट आया था। आलम ने गांव के ही रहने वाले चिंटू पुत्र कुन्ना व उसके सहयोगियों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एक नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। मृतक के गले पर गमछे से दबा कर हत्या किए जाने का निशान है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
बैंक से निकाले थे 10 हजार रुपये
परिवार के लोगों ने बताया कि सुलेमान ने एक दिन पूर्व ही रिसिया स्थित बैंक से 10 हजार रुपये निकाले थे। यह रुपये उसने घर पर नहीं दिए थे। आशंका जतायी जा रही है कि सुलेमान अक्सर जुआ भी खेलता था। ऐसे में पैसे के लेनदेन को लेकर हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही कुछ जानकारी देने की बात कह रही है।
घटना के बाद से फरार है चिंटू
टेपरा कमाली गांव निवासी चिंटू को मृतक के बेटे ने नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है। उसके कुछ सहयोगियों पर भी हत्या में शामिल होने की आशंका जतायी है। घटना के बाद से गांव निवासी चिंटू घर से फरार चल रहा है। जबकि पुलिस ने उसके तीन साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि पुलिस अभी तक कुछ भी बोलने से इंकार कर रही है।