बहराइच। कोतवाली नानपारा के एक गांव में लगे टावर पर सुबह ग्रामीणों ने एक युवक को बैठे देखा। ग्रामीणों ने उससे नीचे उतरने को कहा तो वह लेट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर बिग्रेड की टीम आठ घंटे से युवक को उतारने का प्रयास कर रही है, लेकिन युवक आराम फरमा रहा है।
कोतवाली नानपारा के बढ़ईया कला गांव में एक निजी कंपनी का मोबाइल टावर है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक को टावर पर चढ़े देखा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी पर पहुंचे कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ ने युवक से बात करने की कोशिश की। ऊंचाई ज्यादा होने से बात नहीं हो पाई।
सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मी भी युवक को मनाने में जुटे हैं। लेकिन आठ घंटे बाद भी युवक वहीं लेटा है। कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ ने बताया कि ऊंचाई की वजह से आवाज नहीं सुनाई दे रही है। युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।