बाबागंज (बहराइच)। हाजी मोहम्मद यूसुफ इंटर कॉलेज मैदान में चल रही अखिल भारतीय दंगल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को हुआ।
इसमें महाराष्ट्र के पहलवान परविंदर चीमा ने अमृतसर पंजाब के पहलवान ठाकुर ओंकार सिंह को पटखनी देकर खिताब अपने नाम कर लिया। आयोजन समिति ने विजेता पहलवान परविंदर चीमा को चांदी का गदा भेंटकर पुरस्कृत किया है।
सोमवार को दंगल का पहला मुकाबला मद्रास के शक्ति कपूर व बरेली के पहलवान दिलबाग के बीच हुआ। सरदार गुरनाम संह, हाजी अनवर व डॉ. एएम सिद्दीकी ने हाथ मिलवाकर दंगल शुरू कराया।
इसमें मद्रास के शक्ति कपूर विजयी हुए। दूसरा मुकाबला फतेहगढ़ के पहलवान पप्पू यादव व चंडीगढ़ के शेरा पहलवान के मध्य हुआ। इसमें पप्पू यादव के सिर जीत का सेहरा बांधा।
कुरुक्षेत्र के टाइगर सुरजीत सिंह व मद्रास के शक्ति कपूर के बीच हुआ तीसरा मुकाबला टाइगर सुरजीत के नाम रहा। राजस्थान के रिंका पहलवान व सहारनपुर के गनी पहलवान के बीच हुआ पांचवें मुकाबले में गनी पहलवान को सफलता मिली।
छठा मुकाबला हरियाणा के राजवीर सिंह व बरेली के लाडी पहलवान के बीच हुआ। इस दंगल में लाडी पहलवान ने जीत दर्ज कराई। सातवें मुकाबले में सहारनपुर के गनी पहलवान ने जीत का डंका बजाया।
गनी पहलवान ने फतेहगढ़ के पप्पू यादव को शिकस्त दी। आठवां मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। बहराइच के उत्तम त्रपाठी व हरियाणा के टाइगर सुरजीत सिंह के बीच हुए मुकाबले में उत्तम ने सफलता प्राप्त की।
अंत में महाराष्ट्र के परिवंदर चीमा व अमृतसर के ठाकुर ओंकार सिंह के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें चीमा ने जीत हासिल की। इस अवसर पर संयोजक आनंद पाठक, अंसार अहमद, वीपी सिंह, राम किशुन सोनकर, सहादत अली, रवीश कुमार पांडेय, कमलेश सिंह आदि लोग थे।