श्रावस्ती। सिरसिया थाना क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति बहुल भचकाही व मोतीपुर कला के 65 मजदूरों को मजदूरी के लिए बस्ती जिला ले जाया गया था।
जहां से बाद में उन्हें मिर्जापुर जिले में बन रहे बाण सागर नहर परियोजना में काम कराने के लिए बंधक बना लिया गया था। ग्रामीणों के धरना प्रदर्शन के बाद डीएम के निर्देश पर वापस लाए गए इन मजदूरों को मंगलवार भिनगा विधायक द्वारा मजदूरी का भुगतान किया गया।
विदित हो कि सिरसिया के भचकाही, मोतीपुर कला, कटकुइयां व रनियापुर के मजदूरों को बस्ती निवासी दिलीप नाम का ठेकेदार ले गया था।
इस ठेकेदार द्वारा सभी मजदूरों को आलोक सिंह व अन्य ठेकेदार के सुपुर्द कर दिया गया। सभी को ठेकेदार द्वारा मिर्जापुर के चुकुरिया दाढ़ीराम के बाण सागर परियोजना में पुल निर्माण कार्य में लगाया गया था।
मजदूर जब मजदूरी की मांग करते तब उन्हें धमकी देने के साथ जबरन कार्य लिया जाता था। इसकी शिकायत थारू समुदाय के लोगों ने विगत तहसील दिवस में प्रदर्शन कर डीएम से की थी।
डीएम राघवेंद्र विक्रम सिंह ने डीएम मिर्जापुर राजेश कुमार सिंह को पत्र लिख कर जिले के बंधुआ मजदूरों को मुक्त कराने को कहा था।
जिन्हें दस जुलाई को डीएम मिर्जापुर ने एसडीएम सदर मिर्जापुर अशोक कनौजिया, सीओ गीतांजलि सिंह व सहायक श्रमायुक्त पंकज राणा को मौके पर भेज कर बंधक बनाए गए मजदूरों को मुक्त कराकर भिनगा भेजा था।