बहराइच। कैसरगंज कोतवाली निवासी दो लकड़ी ठेकेदारों में रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी झगड़े में रविववार की देर शाम एक ठेकेदार ने दूसरे पर फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि छर्रा हाथ में धंसा। राहगीरों के आ जाने पर हमलावर फरार हो गए। घायल को सीएचसी ले जाया गया। वहीं ग्रामीण कोतवाल पर मामले को रफादफा करने के प्रयास का आरोप लगा रहे हैं।
कोतवाली कैसरगंज क्षेत्र के करमुल्लापुर सराय निवासी रामदेव लकड़ी ठेकेदार हैं। रुपयों के लेनदेन को लेकर उनका लकड़ी ठेकेदार चांदबाबू से विवाद चल रहा है। रामदेव ने आरोप लगाते हुए बताया कि रविवार को कैसरगंज बाजार गया था जहां से वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान सराय कनहर रोड पर विपक्षी चांदबाबू ने अपने एक साथी के साथ उसे रुकने को कहा। जैसे ही उसने बाइक रोकी उसने उस पर फायर झोंक दिया। गोली उसके हाथ पर लगी और वह गिर गया। इसी दौरान पीछे से एक राहगीर गुजरा जिसकी बाइक की रोशनी देख दोनों फरार हो गया।
पीड़ित रामदेव ने बताया कि एक राहगीर ने घर पर फोन किया, जिसके बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल गए। रामदेव ने बताया कि दो दिन पूर्व विपक्षी ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।
कोतवाल पर मामला दबाने का आरोप
ग्रामीणों में चर्चा है, कि पुलिस ने रात में ही विपक्षी चांदबाबू को गिरफ्तार कर लिया था और कोतवाली ले गई थी। लेकिन रात से ही बिना किसी कार्रवाई के मामले को रफादफा करने में जुटी है। कुछ ग्रामीणों का यह भी आरोप है, कि पुलिस विपक्षी से लेेनदेन के भी प्रयास में है।
प्रकरण में प्रथम दृष्टया एयर गन से हमला करने की बात सामने आई है। जांच पड़ताल की जा रही है। पीड़ित रामदेव की तहरीर पर चांदबाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
राजनाथ सिंह, कोतवाल कैसरगंज
प्रकरण की जानकारी नहीं है। एक प्रकरण में हाईकोर्ट आए हैं। मामले की जानकारी कोतवाल से ली जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
कमलेश सिंह, सीओ कैसरगंज