बौंडी (बहराइच)। बौंडी थाना क्षेत्र के नंदवल में एक सप्ताह पूर्व विवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया था, मगर अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई। मुकदमे की विवेचना कर रहे सीओ पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसओ के समझाने पर भी महिलाएं नहीं मानीं। सीओ ने घटना मेें 24 घंटे में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हो सका।
बौंडी थाना अंतर्गत नंदवल गांव निवासी पूजा पुत्री तेजराम की दहेज के लिए हत्या कर दी गई थी। दहेज में बाइक व नगदी न मिलने पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। उसके पिता की तहरीर पर पुलिस ने नंदवल निवासी पति राकेश, ससुर दिलेराम समेत छह लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसकी जांच सीओ महसी शंकर प्रसाद कर रहे थे। लेकिन छह दिन बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। जिसको लेकर क्षेत्र की महिलाएं आक्रोशित हो उठीं।
सीओ के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने के लिए बौंडी थाने के पास गांधी चबूतरे पर एकत्रित हुईं और कार्रवाई न होने के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गईं। वे आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग पर अड़ी रहीं। थानाध्यक्ष ब्रह्मानंद सिंह के समझाने के बावजूद भी महिलाओं ने धरना समाप्त नहीं किया तथा सीओ महसी के आने पर ही धरना समाप्त करने की बात कही। घटना के एक सप्ताह होने के बावजूद भी सीओ ने घटनास्थल का मुआयना नहीं किया था।
पीड़ित परिवार से भी नहीं मिले जिसको लेकर महिलाओं ने थाने के पास धरना शुरू कर दिया था। धरने की सूचना देने मिलने पर सीओ महसी थाने पहुंचे। सीओ शंकर प्रसाद ने महिलाओं से बातचीत की तथा 24 घंटे में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सीओ ने कहा कि समय सीमा के अंदर ही आरोपी गिरफ्तार होंगे। तब जाकर महिलाओं ने धरना समाप्त किया तथा एक ज्ञापन थानाध्यक्ष व सीओ को सौंपा। इस मौके पर अनुज कुमार, आरती देवी, गुड्डी, सुदीप, राजदा, मनुदेवी आदि मौजूद रहे।