गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला क्षेत्र में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसकी चपेट में आने से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जिसकी रोकथाम करने में विभाग लाचार बना हुआ है। ऐसे में रविवार रात सुविखा निवासी एक महिला की बुखार से मौत हो गई जबकि गांव में छह लोग चपेट में है।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम सुविखा में विगत कई दिनों से बुखार का प्रकोप है। इसकी चपेट में आने से राधा देवी (42) पत्नी दिनेश को गंभीर स्थिति में तीन दिन पूर्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला लाया गया था। जिसे बाद में चिकित्सकों द्वारा जिला अस्पताल बहराइच रेफर किया गया था। वहां रविवार देर रात इलाज के दौरान राधा देवी की मौत हो गई।
वहीं गांव में राजेश (17), रमेश (12), मनोज (16), प्रियांशू (6), उमाधर (8) व मोनू (16) सहित कई अन्य अब भी पीड़ित हैं। जिनका इलाज परिवारीजनों द्वारा गिलौला के निजी चिकित्सकों से कराया जा रहा है। ऐसा नहीं है कि इसकी जानकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला में तैनात चिकित्सकों को नहीं है। जानकारी के बाद भी अभी तक प्रभावित गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची है।
कराएंगे इलाज
परिवारीजनों को चाहिए कि वह स्वयं पीड़ितों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जा कर उनका उचित कराएं। रही बात सुविखा की, तो जानकारी हुई है। स्वास्थ्य टीम तत्काल मौके पर भेज कर पीड़ितों का इलाज कराया जाएगा।
- डॉ. आशीष दास, मुख्य चिकित्साधिकारी