बहराइच/जरवल। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई। जबकि पिता-पुत्र समेत चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत भाग गया।
सीतापुर जिले के थानगांव थाना अंतर्गत गौला कोदर गांव निवासी सियाराम यादव (55) पुत्र बनवारी यादव अपनी पत्नी कांती देवी (52) के साथ बाइक से बहराइच आए थे। रिश्तेदारी में काम निपटाने के बाद बाइक सवार दंपती सोमवार देर शाम वापस घर जाने लगे।
बहराइच-सीतापुर मार्ग पर हरदी थाना क्षेेत्र के चहलारीघाट पुल पर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही कांती की मौत हो गई। जबकि सियाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
उधर, जरवलरोड थाना अंतर्गत नासिरगंज निवासी गोंविद (24) अपने पिता छेदीलाल (50) के साथ बाइक से लखनऊ की ओर जा रहे थे। जबकि गंगाराम (55) पुत्र शंभू साइकिल से जरवल की ओर आ रहे थे।
लखनऊ-बहराइच मार्ग पर रिठौरा मोड़ के निकट साइकिल व बाइक में भिड़ंत हो गई। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया गया। यहां पर छेदीलाल की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया गया।