मोतीपुर तहसील के बड़खड़िया सब्जी मंडी परिसर में छुट्टा मवेशियों के विरोध में प्रदर्शन करतीं महि
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। कारीकोट न्याय पंचायत क्षेत्र में छुट्टा मवेशी किसानों की धान और गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे काश्तकारों को तगड़ी चपत लग रही है। पीड़ित किसान इस मामले की शिकायत ग्राम प्रधान और अधिकारियों से कर रहे हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे आक्रोशित महिलाओं ने गुरुवार को सब्जी मंडी परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज कर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
मिहींपुरवा विकास खंड के बड़खड़िया गांव में स्थित सब्जी मंडी परिसर में अंबे गृहवाणी ग्रामोद्योग महिला विकास संस्थान के बैनर तले महिलाओं की बैठक हुई। इस दौरान अध्यक्ष सविता देवी ने कहा कि क्षेत्र में छुट्टा मवेशी किसानों की धान, गन्ना और मक्के की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। खेतों से मवेशियों को भगाने पर वे किसानों पर हमला कर देते हैं।
पीड़ित किसान इस मामले की शिकायत ग्राम प्रधान व अधिकारियों से कर रहे हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे काश्तकारों को तगड़ी चपत लग रही है। सचिव शिवकुमार मौर्या ने कहा कि कारीकोट न्याय पंचायत क्षेत्र में छुट्टा मवेशियों की भरमार है। मवेशी फसलों को चरकर तहस-नहस कर देते हैं।
अधिकारियों की अनदेखी से आक्रोशित महिलाओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी शंभु कुमार को ज्ञापन भेजा। इस मौके पर ऊषा, रामदुलारी, गुलाबा देवी, जगरानी, सुशीला, मंशा, बसंती, किरन, कन्यावती, मुन्नी देवी आदि मौजूद रहीं।