बहराइच। कानूनगोपुरा दक्षिणी निवासी दिव्या अग्रवाल (26) सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में मृत मिलीं। उनका शव घर के पास काजीपुरा उत्तरी स्थित कन्या पाठशाला के निकट सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की मां नीतू शर्मा के प्रार्थना पत्र पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दिव्या का विवाह करीब चार वर्ष पहले अभिषेक अग्रवाल से हुआ था। उनकी दो वर्षीय बेटी है। पड़ोसियों के अनुसार, करीब डेढ़ माह पहले दिव्या ने अस्पताल में पुत्र को जन्म दिया था। जन्म के कुछ देर बाद नवजात की मौत हो गई थी। इसके बाद से दिव्या की तबीयत खराब चल रही थी।
सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर मायके वालों को सूचना दी। एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि नगर कोतवाल बृजेंद्र मिश्रा मामले की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।