अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में मंगलवार को बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि मासूम समेत सात लोग घायल हो गए। इनमें दो शिक्षक भी शामिल हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक घायल को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र के परसपुर गांव निवासी अब्दुल वहीद की पत्नी मेहरूला (50) अपने पुत्र के साथ बाइक से नानपारा बाजार आ रही थी। बाइक सवार मां-बेटे जब पुरैनी गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी।
हादसे में बेटा तो बाल-बाल बच गया, लेकिन ट्रैक्टर से कुचलकर मेहरूला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें आनन-फानन में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन यहां पहुंचते ही महिला ने दम तोड़ दिया। उधर, फखरपुर थाना क्षेत्र के भौरी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर तैनात विजय कुमार (30) पुत्र रामदीन निवासी सुल्तानपुर अपने सहयोगी दिनेश कुमार (45) पुत्र तीरथराम भौंरी बौंडी के साथ बाइक से परीक्षा सामग्री लेने के लिए सुबह जिला मुख्यालय आ रहे थे।
बाइक सवार दोनों शिक्षक जब हरिहरपुर गांव के पास पहुंचे। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों शिक्षकों के साथ दूसरी बाइक पर सवार सुनील कुमार (30) निवासी पहिया बौंडी व कोदही निवासी गौतम (20) पुत्र मूलचंद घायल हो गए। इस सभी को आसपास के लोगों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां पर शिक्षक दिनेश की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।
वहीं, हरदी थाना क्षेत्र के गजपतिपुर निवासी इमरान (35) पुत्र साबिर अपनी मां खलीकुननिशा व डेढ़ वर्षीय पुत्र सहनवाज को बाइक पर बिठाकर जिला अस्पताल आए थे। यहां पर सहनवाज का इलाज कराने के बाद सभी घर लौट रहे थे। गांव के निकट पहुंचने पर पीछे से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मां-बेटे घायल हो गए। इमरान की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।