फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: तेंदुए के हमलों में महिला की मौत, बालक गंभीर

Thu, 27 Nov 2025 12:33 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
बर्दिया गांव में तेंदुए के हमले में घायल बालक। -संवाद
विज्ञापन
बौंडी/बिछिया। फखरपुर क्षेत्र में बुधवार को नित्यक्रिया के लिए खेत गई एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर उसकी जान ले ली, जबकि सुजौली क्षेत्र के बर्दिया गांव में एक आठ वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत है, वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में टीम तैनात कर दी है।
विज्ञापन




फखरपुर की ग्राम पंचायत उमरी दहलौ में बुधवार देर शाम शांति (55) शौच के लिए खेत की ओर गई थीं। तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक तेंदुआ शांति को बुरी तरह जख्मी कर चुका था। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ गन्ने के खेत की ओर भाग गया। परिजन शांति को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


उधर, बुधवार शाम ही सुजौली क्षेत्र के बर्दिया गांव में तेंदुए ने इरशाद (8) पुत्र अकील पर हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इरशाद मस्जिद में नमाज पढ़कर घर लौट रहा था, तभी कल्लू मास्टर के घर के पास झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर झपट्टा मारा।
विज्ञापन


बच्चे की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए और हांका लगाना शुरू कर दिया। भीड़ बढ़ते ही तेंदुआ बच्चे को छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। बालक के गले और गर्दन पर गहरे जख्म हो गए हैं। परिजनों ने उसे पीएचसी सुजौली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।


डीएफओ राम सिंह यादव ने बताया कि फखरपुर की घटना प्रथम दृष्टया तेंदुए का हमला लग रही है। टीम को मौके पर भेज दिया गया है। वहीं, कतर्नियाघाट रेंज के रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि बर्दिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में वनकर्मियों की टीम तैनात कर दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने, विशेषकर बच्चों को अकेले न भेजने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें