कैसरगंज के गंडारा में सियार के हमले में घायल युवती।
- फोटो : BAHRAICH
कैसरगंज (बहराइच)। खालेपुरवा गांव निवासी एक युवती रविवार की भोर खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान खेत से निकले सियार ने युवती पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर सियार फिर से खेत में चला गया। वहीं सियार ने दो मवेशियों पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। निरंतर हो रहे हमले से ग्रामीणों में दहशत है।
कैसरगंज थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गंडारा के मजरा खालेपुरवा निवासी पूनम (18) पुत्री विजयराज रविवार सुबह छह बजे नित्यक्रिया के लिए खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले सियार ने युवती पर हमला कर किया। युवती के चिल्लाने पर अन्य लोग दौड़े तो सियार फिर खेत में चला गया।
हमले में घायल युवती को ग्रामीणों ने सीएचसी कैसरगंज में भर्ती कराया। वहीं सियार ने गांव निवासी परशुराम की गाय व हुकुमराज की घोड़ी पर हमला कर घायल कर दिया। गांव वालों ने सियार के हमले की जानकारी वनकर्मियों को दी है। वहीं निरंतर हो रहे हमले से ग्रामीणों में दहशत है।